गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में मुख्य आरोपी असद के घर पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार की मौजूदगी में उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस को मकान के बाहर चस्पा कराया गया। इस दौरान ढोल बजाकर और मुनादी कर आसपास के लोगों को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई। प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। नोटिस में असद और संबंधित पक्ष को 15 दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश

दिया गया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया या संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो प्रशासन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर सकता है। कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासन ने कहा है कि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है और जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

