म्यांमार के शान राज्य में स्थित नामखाम टाउनशिप के काउंगटुप गांव में रविवार को हुए भीषण विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार इस हादसे में 45 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में कई बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में धमाका हुआ वहां खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाले बड़ी मात्रा में विस्फोटक रखे गए थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के 100 से

अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय बचाव दल और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबा हटने के बाद मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

