धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर ऊषा टॉकीज के समीप काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने स्थानीय निवासी विवेक कुमार को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने अचानक विवेक कुमार के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को

संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने झरिया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

