Dhanbad के अवर प्रादेशिक नियोजनालय परिसर में आयोजित एकदिवसीय रोजगार मेले में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुले। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में 21 निजी क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। साथ ही, विदेशों में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं को भी सुनहरा अवसर प्रदान किया गया। मेले में कुल 107 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 202 उम्मीदवारों का चयन किया गया। इससे युवाओं को रोजगार के

साथ अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सहायक निदेशक (नियोजन) पदमा कुमारी ने बताया कि नियोजनालय द्वारा समय-समय पर रोजगार मेला एवं भर्ती शिविर आयोजित कर निबंधित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से झारखंड रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, नियोजन विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में रोजगार की तलाश कर रहे युवा उपस्थित रहे। रोजगार मेले को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला।

