Hazaribagh में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। उपायुक्त के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में करीब 1200 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया तथा 220 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। शनिवार को कटकमदाग थाना क्षेत्र के सलगावा (हरिजन टोला) और लुटा इलाके में उत्पाद विभाग की टीम ने सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सलगावा और लुटा क्षेत्र में संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर छापा मारकर कुल 23 भट्ठियों को नष्ट किया गया। छापेमारी के दौरान

शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। विभाग ने बताया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अभियान का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने किया, जबकि उत्पाद आरक्षी एवं सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान भी कार्रवाई में शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

