धनबाद क्लब में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मैट्रिक और इंटर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 81 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) इंटर साइंस की स्टेट टॉपर रशीदा नाज कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ एक दिव्यांग छात्र द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जो इस आयोजन का विशेष संदेश बन गया।

मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छात्रों को सम्मानित किया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने मोबाइल से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान देने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि छात्रों पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए और उन्हें उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। कार्यक्रम में विभिन्न बोर्डों के टॉपर्स सहित कई मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।

