हजारीबाग में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सदर और बड़ा बाजार थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में हुरहुरु, कुम्हारटोली और पारनाला क्षेत्रों में गुप्त रूप से चल रही 5 अवैध महुआ चुलाई शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। छापेमारी के दौरान करीब 1400 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट

किया गया, जो शराब निर्माण के लिए तैयार किया जा रहा था। साथ ही 370 लीटर अवैध चुलाई शराब भी जब्त की गई। मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और अन्य सामग्री भी बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने बताया कि इस मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
