पाकुड़ में भाजपा जिला इकाई द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. यदुनाथ पांडेय द्वारा ध्वजारोहण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद वंदे मातरम का गायन किया गया।
प्रथम सत्र में प्रो. यदुनाथ पांडेय ने देश के समक्ष चुनौतियों और समाधान पर विचार रखे। उन्होंने सुरक्षा, जनसंख्या, घुसपैठ, आर्थिक साम्राज्यवाद, सांस्कृतिक आक्रमण और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
दूसरे और तीसरे सत्र में के.के. गुप्ता ने वैचारिक अधिष्ठान, बबन गुप्ता ने बूथ प्रबंधन और अमित मंडल ने सोशल मीडिया व नमो ऐप पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने ‘विचार परिवार’ पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया, जबकि प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने संगठन में कार्यकर्ता की भूमिका और दायित्व पर प्रकाश डाला।
अंतिम सत्र में विधायक डॉ. नीरा यादव ने मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं को लेकर कहा कि ये योजनाएं सशक्तिकरण और जिम्मेदार नागरिक निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। मंच संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने किया।

