हजारीबाग समाहरणालय में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के बालक एवं बालिका छात्रावासों की स्थिति और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने और छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, बाउंड्रीवाल, स्वच्छता और शौचालय जैसी सुविधाओं की जांच पर विशेष जोर दिया।

साथ ही जिले के बंद पड़े छात्रावासों को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि जो अधिकारी छात्रावासों को दोबारा संचालित कराने में सफल होंगे, उन्हें 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में साइकिल वितरण योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की भी समीक्षा हुई। इसके अलावा पीवीटीजी क्षेत्रों में विशेष आधार शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए।

