पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। दावा किया जा रहा है कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉर्थ 24 परगना जिले के स्वरूपनगर स्थित बिथरी हकीमपुर चेक पोस्ट पर बांग्लादेश लौटने के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। बताया जा रहा है कि ये लोग राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अवैध रूप से रह रहे थे और अब कार्रवाई के डर से वापस लौटने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोगों का दावा है कि वे दलालों की

मदद से एक से डेढ़ साल पहले काम की तलाश में सीमा पार कर बंगाल पहुंचे थे। अब प्रशासनिक सख्ती के बाद वे वापस जाने का इंतजार कर रहे हैं। इधर, मालदा जिले के इंग्लिशबाजार इलाके में एक होल्डिंग सेंटर भी बनाया गया है, जहां कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे लोगों को रखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यहां कुछ महिलाओं और नाबालिगों को भी लाया गया है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल और सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है। हालांकि, पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और विभिन्न दल इस मुद्दे पर आमने-सामने नजर आ रहे हैं।

