प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आज 26 मई का दिन बेहद खास रहा। आज उन्हें देश के प्रधानमंत्री पद पर 12 साल पूरे हो गए हैं। 26 मई 2014 को उन्होंने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, और तब से लेकर अब तक उनका कार्यकाल लगातार जारी है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और एनडीए सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी है और उनके नेतृत्व की सराहना की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी को बधाई देते हुए एक विशेष संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देकर देश में “नए भारत” की नींव रखी है।

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि इन 12 वर्षों में गरीब कल्याण योजनाओं को प्राथमिकता मिली, अंत्योदय को मजबूती मिली और विकास अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने नारी सशक्तीकरण, नवाचार और आर्थिक प्रगति को भारत की बड़ी उपलब्धि बताया। योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि आज भारत सीमाओं पर मजबूत, आतंक के खिलाफ निर्णायक और वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास से भरा हुआ देश बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे विकास सीधे आम जनता तक पहुंचा है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को इस यात्रा का आधार बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।

