मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में बकरीद से पहले बड़ा बवाल देखने को मिला है। मामला पूनम क्लस्टर सोसाइटी का है, जहां कुर्बानी के बकरों के लिए बनाए गए एक शेड को नगर पालिका द्वारा तोड़े जाने के बाद विवाद बढ़ गया। जानकारी के अनुसार, यह शेड मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा बकरों की कुर्बानी की तैयारी के लिए बनाया गया था, जिसे कथित तौर पर हिंदू पक्ष की शिकायत के बाद स्थानीय प्रशासन ने डिमोलिश कर दिया। इसके बाद आरोप है कि रात में कुछ लोगों द्वारा दोबारा शेड बनाने की कोशिश की गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कहासुनी से मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है

कि इस दौरान हमला भी हुआ, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना मीरा रोड के पूनम क्लस्टर-1, सृष्टि कॉम्प्लेक्स के पास की बताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। हालांकि, इलाके में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। गौरतलब है कि बकरीद यानी ईद-उल-अज़्हा इस्लाम धर्म का प्रमुख त्योहार है, जिसे हज़रत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। इस दिन कुर्बानी के मांस को तीन हिस्सों में बांटकर परिवार, रिश्तेदारों और जरूरतमंदों में वितरित किया जाता है।

