उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow में आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है और आसमान से बरसती आग ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के कारण सड़क पर निकलना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। हालात ऐसे हैं कि बिना शरीर ढके या छाता लिए बाहर निकलते ही बदन तपने लगता है। नौतपा के दौरान राहत देने के लिए नगर निगम ने खास इंतजाम शुरू किए हैं। हजरतगंज में ट्रैफिक सिग्नल रेड लाइट पर रुकने वालों को राहत देने के लिए चौराहे पर ग्रीन नेट लगाया है। ताकि रेड लाइट पर रुकने वाले लोगों को तेज धूप से बचाया

जा सके। इसके साथ ही ग्रीन शेड पर पानी के फुहारे लगाने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को गर्मी से कुछ राहत मिल सके। मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ने से सड़कें भी आग उगलती नजर आ रही हैं। ऐसे में नगर निगम की यह पहल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

