Hazaribagh में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। नगर भवन में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में शांति समिति और विधि व्यवस्था की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त, एसडीएम, विभिन्न विभागों के अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने

और अराजक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने अस्पतालों, अग्निशमन वाहनों और पेयजल व्यवस्था को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। बकरीद के दौरान पशु अवशेषों के उचित निष्पादन और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कराने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की। प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर देने को कहा है।

