रांची में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की बैठक के दौरान क्लस्टर सिस्टम को वापस लेने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रांची के चाणक्य बीएनआर होटल में आयोजित बैठक में परिषद कार्यकर्ताओं ने प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार का घेराव करते हुए इस नीति पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। अभाविप नेताओं का दावा है कि उनके विरोध के बाद विभाग ने आश्वासन दिया है कि क्लस्टर सिस्टम से जुड़ी मौजूदा

अधिसूचना को लागू नहीं किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश सह मंत्री बम भोला उपाध्याय ने कहा कि यह छात्रहितों की जीत है और यदि नीति वापस नहीं ली गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने क्लस्टर सिस्टम को जनजातीय अस्मिता और स्थानीय शिक्षा व्यवस्था पर हमला बताते हुए इसे छात्र विरोधी नीति करार दिया। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की और सरकार पर छात्र विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

