NDRF की टीम द्वारा पाकुड़ पॉलिटेक्निक में छात्रों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एनडीआरएफ के उपनिरीक्षक अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। छात्रों को विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को अत्यधिक रक्तस्राव होने पर प्राथमिक उपचार देने, हृदय गति रुकने की स्थिति में कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन देने की सही विधि, सर्पदंश की स्थिति में तत्काल बचाव उपाय, डूब रहे व्यक्ति को बचाने के तरीके सिखाए गए।एनडीआरएफ टीम ने

आपदा की स्थिति में उपलब्ध साधनों से अस्थायी स्ट्रेचर बनाने का भी प्रदर्शन किया, जिससे घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाया जा सके। टीम द्वारा छात्रों को बताया गया कि आपदा के समय सीमित संसाधनों में किस प्रकार जीवन रक्षक उपकरण तैयार किए जा सकते हैं। कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा यादव ने एनडीआरएफ टीम के प्रति आभार एवं प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों के लिए उपयोगी हैं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में सहायक सिद्ध होंगे।

