धनबाद के कतरास क्षेत्र अंतर्गत कांटा पहाड़ी और अंगारपथरा ओपी इलाके में भू-धंसान और कई घरों में दरार पड़ने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र ग्रामीणों ने सड़क जाम कर अवैध कोयला खनन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से जमीन अंदर से खोखली हो गई है, जिससे लोगों के घरों और जान-माल पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को

नियंत्रित करने में जुट गई। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने BCCL प्रबंधन और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने अवैध मुहानों की भराई, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग की है।

