भीषण गर्मी के बीच हजारीबाग और बड़कागांव क्षेत्र में लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। हालात को देखते हुए हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद और बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह के साथ बैठक कर व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। बैठक में विधायक प्रदीप प्रसाद ने कड़े तेवर अपनाते हुए कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार बिजली कटौती से

विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यापार, खेती और मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि बड़कागांव में लो-वोल्टेज की समस्या विकराल हो चुकी है और कई गांवों में नाम मात्र की बिजली मिल रही है। दोनों विधायकों ने जर्जर तार बदलने, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और अघोषित कटौती रोकने की मांग की। बिजली विभाग के जीएम दिनेश कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि तकनीकी खामियों को दूर करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है और जल्द व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
