भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई शुरू कर दी है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के चंगराबांधा क्षेत्र में सीमा की पिलर मार्किंग का काम तेजी से चल रहा है। BSF अधिकारियों के अनुसार, यह पिलर मार्किंग सीमा पर फेंसिंग कार्य की पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके पूरा होने के बाद जल्द ही सीमा पर तारबंदी यानी फेंसिंग का काम भी शुरू कर दिया जाएगा,

जिससे अवैध घुसपैठ और तस्करी पर प्रभावी रोक लग सकेगी। जानकारी के मुताबिक, यह काम लंबे समय से लंबित सीमा विवाद और सुरक्षा चुनौतियों के समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। करीब 55 साल से लंबित इस समस्या को अब अगले कुछ दिनों में तेजी से हल करने की दिशा में काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस कदम से सीमा सुरक्षा मजबूत होगी और क्षेत्र में शांति एवं नियंत्रण और बेहतर होगा।

