झारखंड के धनबाद जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर में अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव की मुखिया प्रेमलता कुमारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अवैध मुहानों पर धावा बोल दिया और वहां जमा हजारों बोरे कोयले को लेकर विरोध जताया। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब आरोप है कि अवैध कारोबारियों ने दहशत फैलाने के लिए बमबाजी की। इसके बाद ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर मजदूरों को ले जाने वाली ऑटो में

तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से भू-धंसान का खतरा बढ़ रहा है और इससे उनका जीवन व अस्तित्व दोनों खतरे में हैं। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच ओपी परिसर में तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रहा। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और अवैध खनन पर रोक लगाने की कार्रवाई शुरू की।

