इबोला वायरस को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ गई है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने अफ्रीका में तेजी से फैल रहे इस प्रकोप को गंभीर मानते हुए इसे वैश्विक हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया है। सबसे ज्यादा मामले अफ्रीकी देशों में दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। भारत में अभी तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी

गई है। साउथ सूडान और युगांडा जैसे प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इबोला के शुरुआती लक्षण बुखार, कमजोरी, उल्टी और सिरदर्द जैसे सामान्य फ्लू से मिलते-जुलते होते हैं, इसलिए इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि किसी को प्रभावित देशों से लौटने के बाद 21 दिनों के भीतर लक्षण दिखें तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर जांच और इलाज संभव हो सके।

