इस वक्त की बड़ी खबर महंगाई से जुड़ी हुई है। देशभर में दूध की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब राजस्थान की सरस डेयरी ने भी दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। बताया जा रहा है कि जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड यानी जयपुर डेयरी ने यह फैसला दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक राहत देने और भीषण गर्मी में दूध की

पर्याप्त सप्लाई बनाए रखने के लिए लिया है। डेयरी प्रबंधन का कहना है कि दूध संकलन और संचालन लागत लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ी। नई दरें आज यानी 21 मई 2026 गुरुवार शाम से लागू होंगी और नई सप्लाई के साथ पूरी तरह प्रभावी हो जाएंगी। दूध के दाम बढ़ने से आम लोगों की रसोई का बजट एक बार फिर प्रभावित होने वाला है।

