धनबाद एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठा। लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा इलाके में बुधवार को अवैध कोयला कारोबार पर वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई। आजसू समर्थकों और राम रहीम सेना से जुड़े लोगों के बीच जमकर गोलीबारी, पथराव और मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना में किशुन रवानी, विष्णु प्रमाणिक और जितेंद्र मेहता को गोली लगने की सूचना है। वहीं कई लोगों के सिर फूटने और हाथ टूटने की भी खबर है। उपद्रवियों ने आधा दर्जन से अधिक

वाहनों में तोड़फोड़ कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जहां पुलिस और आजसू समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान घायल आजसू नेता हीरालाल महतो पुलिस की निगरानी से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक लोडेड पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किया है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है।

