हजारीबागवासियों को जल्द ही जर्जर सड़कों और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है। केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि यानी सीआरआईएफ योजना के तहत भारत माता चौक से सिंदूर फोरलेन तक करीब 9.5 किलोमीटर सड़क के पुनर्निर्माण, मजबूतीकरण और चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत करीब 107 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद Manish Jaiswal, सदर विधायक Pradeep Prasad, मेयर अरविंद राणा और जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर परियोजना की आधारशिला रखी। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस सड़क निर्माण को लेकर पिछले डेढ़ वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे

थे, जिसका परिणाम अब धरातल पर दिखाई दे रहा है। यह सड़क मासीपीढ़ी, आर्यानगर, पतरातु, कोलंबस कॉलेज मोड़, बस स्टैंड चौक, चुरचू रोड, डिस्ट्रिक्ट मोड़ और विकास नगर होते हुए सिंदूर बायपास तक जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा और रांची, पटना समेत अन्य शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी। सांसद ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री Nitin Gadkari का आभार जताया।

