झारखंड के धनबाद के तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दलाहीटांड़ में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ स्थानीय ग्रामीण सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने तेतुलमारी-राजगंज मुख्य सड़क को घंटों जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में जमीन के नीचे से लगातार अवैध तरीके से कोयला निकाला जा रहा है, जिससे भू-धंसान का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने आशंका जताई कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां भी टांडाबड़ी जैसी बड़ी घटना हो सकती है। प्रदर्शन

कर रहे लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन, स्थानीय पुलिस और जनप्रतिनिधियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया। वहीं महिलाओं ने कहा कि अवैध खनन में बाहरी लोग शामिल हैं और प्रशासन लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रहा। सूचना मिलते ही तेतुलमारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। कई घंटों तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अवैध खनन रोकने और विस्थापन की समस्या पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम हटा लिया।

