झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। मई महीने में कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज आंधी और बादलों की आवाजाही लोगों को गर्मी से राहत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। 19 मई को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक हजारीबाग और कोडरमा को छोड़कर अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना

जताई गई है। 20 और 21 मई को मौसम और ज्यादा सक्रिय रह सकता है। पूर्वी और मध्य भागों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पलामू, गढ़वा और लातेहार को छोड़कर कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। 22 मई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि मई के अंतिम सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

