हजारीबाग के ऐतिहासिक वेल्स ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट मैच के दौरान उस समय माहौल गर्म हो गया, जब हजारीबाग विधायक Pradeep Prasad आयोजन समिति पर खुलकर नाराज हो गए। टाटा स्टील और HDCA टीम के बीच चल रहे मैच के दौरान विधायक मैदान पहुंचे और Hazaribagh District Cricket Association की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर आयोजन में उनका नाम पोस्टर पर प्रमुखता से छापा जाता है, लेकिन उन्हें आधिकारिक रूप से न तो निमंत्रण दिया जाता है और न ही कार्यक्रम की सूचना दी जाती है। विधायक ने कहा कि वह क्रिकेट संघ के लाइफ टाइम मेंबर हैं, इसके बावजूद लगातार उनकी उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि वेल्स ग्राउंड किसी व्यक्ति विशेष की जागीर नहीं, बल्कि हजारीबाग की जनता की संपत्ति है और यहां हर प्रतिभावान

खिलाड़ी को अवसर मिलना चाहिए। प्रदीप प्रसाद ने क्रिकेट संघ को नए सिरे से व्यवस्थित करने की जरूरत बताते हुए कहा कि गरीब और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का समान मौका मिलना चाहिए। मैदान में मौजूद खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों के सामने विधायक ने HDCA सचिव बंटी तिवारी समेत अन्य पदाधिकारियों से नाराजगी जाहिर की और भविष्य में जनप्रतिनिधियों व लाइफ टाइम सदस्यों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने की हिदायत दी। कुछ देर तक मैदान परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा, हालांकि बाद में बातचीत के बाद मामला शांत हो गया।

