ईरान-अमेरिका तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते संकट के बीच दुनिया भर में ईंधन सप्लाई को लेकर चिंता गहरा गई है। इसी बीच भारत के लिए रूस से राहत भरी खबर सामने आई है। रूस ने साफ कहा है कि भारत की ऊर्जा जरूरतों पर किसी भी तरह का असर नहीं पड़ने दिया जाएगा। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि रूस भारत की एनर्जी सप्लाई को पूरी तरह सुरक्षित रखेगा। विदेश मंत्री ने कहा कि रूस हरसंभव कोशिश करेगा ताकि कोई भी वैश्विक प्रतिस्पर्धा या भू-राजनीतिक तनाव भारत और रूस के ऊर्जा समझौतों को प्रभावित न कर सके।

उन्होंने यह भी कहा कि रूस ने हमेशा अपने साझेदार देशों के प्रति ऊर्जा क्षेत्र में जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाया है। दरअसल, Strait of Hormuz में बढ़ते तनाव के कारण दुनियाभर में तेल और गैस सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऐसे समय में रूस का यह बयान भारत के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस के इस आश्वासन से भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और वैश्विक ईंधन संकट के बीच देश को स्थिर सप्लाई बनाए रखने में मदद मिलेगी।

