उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे से गैस सिलेंडरों से भरे डीसीएम वाहन में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना

मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक युवती का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना मानी जा रही है। आशंका है कि नींद आने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने चल रहे डीसीएम से जा टकराई। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।

