उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बरसाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता दिवाकर शर्मा ने पूर्व चेयरमैन बलराज गुर्जर, उनके परिवार और अन्य लोगों पर मारपीट, बंधक बनाने और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक वह अपने पेट्रोल पंप से कोसी की ओर जा रहे थे, तभी परमार गेस्ट हाउस के पास कई गाड़ियों में सवार करीब 20 से 25 लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनके साथ जमकर मारपीट की गई। दिवाकर शर्मा का दावा है कि बलराज गुर्जर के बेटे ने उन पर फायरिंग भी

की, हालांकि वह बाल-बाल बच गए। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उन्हें जबरन घर ले जाकर करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर रखा, जहां परिवार समेत कई लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोप है कि दबाव बनाकर उनसे कोरे कागजों और स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर और मुहर भी लगवाई गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को मुक्त कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

