उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर इलाके में शराब विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। मामला थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर का है, जहां 20 वर्षीय युवक बृजेश का शव नाले के पास पुलिया के नीचे मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक

शव नहीं ले जाने दिया जाएगा। इसी दौरान हंगामा बढ़ गया और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस झड़प में कई महिलाएं, ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हो गए। ग्रामीणों ने इलाके में शराब के ठेके को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि गांव में शराब की वजह से लगातार विवाद और घरेलू झगड़े बढ़ रहे हैं। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन अवैध शराब और उससे जुड़े विवादों पर सख्त कार्रवाई करेगा या फिर ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।

