राजस्थान के जोधपुर से शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। वरमाला कार्यक्रम के समय अचानक स्टेज पर आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दूल्हा-दुल्हन वरमाला की रस्म निभा रहे थे। इसी दौरान स्टेज के चारों तरफ कोल्ड फायर और आतिशबाजी की गई। तभी चिंगारी सजावट में लगे आर्टिफिशियल फूलों और कपड़ों पर जा गिरी और देखते ही देखते पूरा स्टेज आग की लपटों में घिर गया।

आग भड़कते ही दूल्हा-दुल्हन ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए स्टेज से नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने पानी की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक छोटी सी लापरवाही शादी की खुशियों को पलभर में खौफ में बदल सकती थी। फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

