ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। उनके साथ पांच नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ लेकर नई सरकार की जिम्मेदारी संभाली। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडु और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। दिलीप घोष पश्चिम बंगाल बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं अग्निमित्रा पॉल राजनीति में आने से पहले फैशन डिजाइनर रहीं और बाद में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रमुख चेहरा बनीं।

अशोक कीर्तनिया ने बांगांव उत्तर सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। वहीं संथाल आदिवासी समाज से आने वाले खुदीराम टुडु को मंत्रिमंडल में शामिल कर बीजेपी ने आदिवासी समीकरण को साधने की कोशिश की है। उत्तर बंगाल में मजबूत जनाधार रखने वाले निशीथ प्रमाणिक केंद्र सरकार में गृह राज्य मंत्री और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्हें बीजेपी के युवा और प्रभावशाली चेहरों में गिना जाता है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूरा ब्रिगेड ग्राउंड जयकारों और उत्साह से गूंज उठा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेता और राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।

