बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ढाका प्रखंड के बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गांव स्थित एक दो मंजिला होलसेल किराना दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत धू-धू कर जलने लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। हादसे में दो बच्चों और दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा भारी मात्रा में किराना सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

