झारखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। झारखंड के रांची, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और बोकारो में ओलावृष्टि, तेज हवा (50–60 किमी/घंटा) और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अन्य जिलों जैसे धनबाद, देवघर, गिरिडीह, जमशेदपुर, दुमका और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने, 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है।

इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 10 से 14 मई तक पूरे राज्य में दोपहर के बाद मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। बीते 24 घंटे में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। चाईबासा में सबसे अधिक 25 मिमी बारिश हुई, जबकि रांची और जमशेदपुर में भी हल्की बारिश देखने को मिली। राजधानी रांची में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 32.4°C और न्यूनतम 19.4°C रहा। वहीं मेदिनीनगर में तापमान बढ़कर 38.4°C तक पहुंच गया है।

