Kedarnath Temple यात्रा मार्ग पर सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर टेंट चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो एयर गन और दो धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने रात करीब 10 बजे चेकिंग के दौरान एक टेंट में ठहरे व्यक्ति को संदिग्ध हालत में पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान प्रदीप सिंह, निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि वह वर्ष 2004 में CRPF में भर्ती हुआ था, लेकिन मानसिक अस्वस्थता के कारण साल 2018 में सेवामुक्त कर दिया गया था।

सीओ केदारनाथ Nitin Lohani के अनुसार, संबंधित व्यक्ति धार्मिक स्थलों पर घूमता रहता है और शौकिया तौर पर एयर गन अपने साथ रखता था। उसने यात्रा के दौरान सामान चोरी होने के डर से इन हथियारों को साथ रखा था। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ सोनप्रयाग कोतवाली में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बिना वैध पहचान पत्र के व्यक्ति को टेंट में ठहराने वाले संचालक के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें और अफवाहों से बचें।

