झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र में जमुनिया नदी और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन का मामला सामने आया है। इससे नदी और पर्यावरण पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर बीसीसीएल प्रबंधन, बाघमारा पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने माटीगढ़ा डैम कॉलोनी के पास छापेमारी की, जिसमें अवैध कोयले से लदा एक ट्रक

और एक मिनी हाइवा जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक भागने लगे। मिनी हाइवा का चालक पकड़ लिया गया, जबकि ट्रक चालक फरार हो गया। भागने के दौरान ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया, जिसे क्रेन की मदद से हटाया गया। फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

