जिला समाज कल्याण द्वारा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा की अध्यक्षता में नवनियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकास ठाकुर (जिला बाल संरक्षण इकाई, पाकुड़, बबली शर्मा, महिला पर्यवेक्षिका एवं टुसूमुनि मुर्मू महिला पर्यवेक्षिका, हिरणपुर की सक्रिय सहभागिता रही। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नवचयनित पर्यवेक्षिकाओं को विभागीय कार्यों, दायित्वों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समुचित जानकारी प्रदान करना था, ताकि वे अपने कार्यों का निर्वहन प्रभावी, संवेदनशील एवं उत्तरदायित्वपूर्ण तरीके से कर सकें। कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को उनके चयन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा

कि महिला पर्यवेक्षिकाएं समाज के सशक्तिकरण में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से ही सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचती हैं, जिससे समाज के समग्र विकास को गति मिलती है। प्रशिक्षण सत्र में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओ जैसे महिला सशक्तिकरण, पोषण ट्रैकर, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सामाजिक कुरीति निवारण सहित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।इसके साथ ही कार्य निष्पादन की प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, क्षेत्रीय समन्वय, निगरानी तंत्र एवं समुदाय से प्रभावी जुड़ाव के तरीकों पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंच सके।

