पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पश्चिम बर्दवान जिले में भड़की राजनीतिक हिंसा पर अब पुलिस-प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। जिले के विभिन्न हिस्सों से पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़, आगजनी और आपसी झड़प की लगातार मिल रही खबरों के बीच बुधवार को जिला मजिस्ट्रेट एस. पन्नाबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर उपद्रवियों को सख्त चेतावनी दी। पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने बताया कि पिछले 48 घंटों के भीतर जिले के अलग-अलग इलाकों से 200 से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि हिंसा के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है और किसी भी हालत में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। स्थिति पर नजर रखने और त्वरित कार्रवाई के लिए एक संयुक्त कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां पुलिस और केंद्रीय बलों के वरिष्ठ अधिकारी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। जिला मजिस्ट्रेट एस. पन्नाबलम ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है और अब चुनाव के बाद भी माहौल सामान्य बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने लोगों से यह भी अपील की है कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके। फिलहाल, पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

