हजारीबाग जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को महिला आरक्षण विधेयक को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता का स्थानीय पत्रकारों ने बहिष्कार किया। यह प्रेसवार्ता महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गुंजन सिंह की मौजूदगी में आयोजित की गई थी। प्रेसवार्ता के दौरान हजारीबाग के पत्रकारों ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पत्रकारों का कहना है कि बीते 28 अप्रैल को हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की मौजूदगी में पत्रकारों पर स्थानीय लोगों एवं उनके समर्थकों द्वारा हमला किया गया था। घटना के दौरान मंत्री द्वारा कोई प्रतिक्रिया न देना उनकी असंवेदनशीलता को दर्शाता है। पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि जब तक मंत्री इरफान

अंसारी इस घटना पर व्यक्तिगत रूप से संवेदना व्यक्त कर पत्रकारों से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को न्याय मिलने तक यह आंदोलन लगातार चलता रहेगा। पत्रकारों ने एकजुटता दिखाते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। इस विरोध प्रदर्शन में हजारीबाग प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह, सचिव दीपक सिंह, वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण गुप्ता, अर्जुन सोनी, विस्मय अलंकार, राजकुमार गिरी सानू, एजाज आलम, अनिल कुमार, भास्कर उपाध्याय, प्रदीप सिंहा, सुशांत सोनी, अभिषेक पांडे, प्रमोद खंडेलवाल, रितेश खंडेलवाल, सुमन सिंहा, रजत कुमार, भावेश मिश्रा, रवि शर्मा, प्रमोद उपाध्याय, किर्तन कुमार, रवि शंकर गुप्ता, पूजा चौधरी, अफसर अंसारी, मेराज खान, पियुष पांडे, रुपांशु चौधरी, नेमतुल्लाह, रूपेश कुमार सोनी, फैज अनवर, अनुज सिंहा सहित कई पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

