हजारीबाग में कानून व्यवस्था पर सियासत तेज: सांसद मनीष जायसवाल का सरकार पर हमला झारखंड के हजारीबाग में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। मनीष जायसवाल ने प्रेस वार्ता कर जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था और पत्रकारों पर हुए हमले को लेकर सरकार और पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिले में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। साथ ही उन्होंने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सांसद ने मंत्री इरफान अंसारी की मौजूदगी में पत्रकारों के साथ हुई

कथित बदसलूकी और मारपीट की भी कड़ी निंदा की और मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सड़क पर उतरकर विरोध करेगी। वहीं विधायक प्रदीप प्रसाद ने भी घटनाओं को चिंताजनक बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

