उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पूराना उपायुक्त कार्यालय स्थित नाइलिट केंद्र एवं पोस्ट ऑफिस स्थित भगवान बिरसा मुंडा शिक्षण केंद्र सह पुस्तकालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशानिर्देश दिए।भगवान बिरसा मुंडा शिक्षण केंद्र सह पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय एवं स्वाध्ययन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उपायुक्त ने शिक्षकों से उनकी आवश्यकताओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली।उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नाइलिट केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य जिले में गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराना, युवाओं के कौशल का विकास करना तथा रोजगार के बेहतर अवसर सृजित करना है। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान नाइलिट केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया और संबंधित अधिकारियों को नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अध्ययन एवं प्रशिक्षण के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण अत्यंत आवश्यक है। उपायुक्त ने दोनों केंद्रों के प्रभावी संचालन, विद्यार्थियों की सुविधा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया।

