केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है और हर दिन हजारों लोग बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। केदार सभा के अनुसार, कपाट खुलने के तीसरे दिन तक करीब 1 लाख 10 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। साथ ही भगवान भैरवनाथ के कपाट भी खोल दिए गए हैं।

प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को आसानी से और जल्दी दर्शन मिल रहे हैं। केदार सभा के सदस्यों ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अव्यवस्था की खबरें भ्रामक हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से बिना किसी चिंता के यात्रा पर आने की अपील की है। प्रशासन, मंदिर समिति और स्थानीय लोग मिलकर दिन-रात व्यवस्था संभाल रहे हैं, ताकि हर श्रद्धालु को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिल सके।

