झारखंड के हजारीबाग में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। 24 और 25 अप्रैल की रात हजारीबाग पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान कुल 36 टीमों का गठन किया गया, जिनमें 166 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने अभियान के दौरान 53 ठिकानों पर छापेमारी की और भारी मात्रा में अवैध शराब को नष्ट किया। कार्रवाई में करीब 8435 लीटर जावा महुआ को नष्ट किया गया, जबकि 80 लीटर

देशी शराब बरामद की गई। इस मामले में अलग-अलग थानों में 14 सन्हा और 1 मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या कारोबार हो रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है।

