झारखंड के मरंगमर्चा गांव से आस्था और भक्ति की अद्भुत तस्वीर सामने आई है, जहां श्री श्री 1008 रुद्र-चंडी महायज्ञ के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। महायज्ञ के दौरान आध्यात्मिक माहौल अपने चरम पर है। इस अवसर पर टाइगर जयराम महतो मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आए। अपने संबोधन में जयराम महतो ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में समरसता, सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। उन्होंने यह भी कहा कि यज्ञ की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब लोग यहां से मिले ज्ञान को

अपने जीवन में उतारें और मानवता की सेवा के लिए आगे बढ़ें। वहीं कथा वाचिका अंजनी गोस्वामी ने भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि भक्ति के बिना जीवन अधूरा है और मनुष्य को अपने जीवन को सार्थक बनाने के लिए भगवान के प्रति पूर्ण समर्पण जरूरी है। इस दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। एक श्रद्धालु महादेव राम ने कड़ी धूप में दंडवत करते हुए देवी मंडप से शिवालय तक अपनी आस्था प्रकट की, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

