झारखंड के रामगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने ज्वैलरी शॉप में हुई बड़ी डकैती का खुलासा कर दिया है। चितरपुर रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में हुई करीब एक करोड़ की लूट के मामले में 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। 21 अप्रैल को एनएच-23 पर स्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग टीम

बनाकर कई जिलों में छापेमारी की। इसी क्रम में नालंदा में कार्रवाई करते हुए लूटे गए सोने के जेवरात बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से डकैती में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल, इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

