पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है… नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में “हवा बदल रही है” और जहां ज्यादा मतदान हुआ है, वहां बीजेपी को बढ़त मिल रही है। उन्होंने मतदाताओं को लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करने के लिए बधाई भी दी। पीएम मोदी ने कहा कि “भय पर भरोसे की जीत” दिखाई दे रही है और अब लोग खुलकर अपनी आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में “जंगलराज” के खिलाफ वोट पड़ रहा है।

अपने अंदाज में तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा—“झालमुड़ी मैंने खाई, लेकिन मिर्ची TMC को लगी।” उन्होंने दावा किया कि कई जिलों में टीएमसी का खाता तक नहीं खुलेगा। पीएम ने कहा कि किसान, युवा, व्यापारी, डॉक्टर, शिक्षक और आम जनता—सभी भय से मुक्ति और बेहतर व्यवस्था के लिए मतदान कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग और सरकारी कर्मचारियों की भी सराहना की। कुल मिलाकर, दूसरे चरण से पहले बंगाल में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

