इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान कानपुर में चल रहे करोड़ों के ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से करीब 3 करोड़ 91 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोविंद नगर पुल के नीचे एक कार में बैठे युवक IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने किदवई नगर स्थित ठिकाने का खुलासा किया, जहां से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

छापेमारी में पुलिस ने भारी नकदी के साथ मोबाइल फोन, करेंसी काउंटिंग मशीन और डिजिटल उपकरण जब्त किए। जांच में सामने आया कि आरोपी ऐप के जरिए सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे थे। इस गिरोह का मास्टरमाइंड ‘मनीष उर्फ प्रोफेसर’ अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

