जिले के भभुआ–मोहनिया पथ पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बंधन बैंक के एक कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना अवारी गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप सुबह करीब 9 बजे हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान बेलांव थाना क्षेत्र के बासुहारी गांव निवासी शंकर पासवान का 30 वर्षीय सुनील पासवान के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सुनील पासवान बंधन बैंक में कार्यरत थे, छुट्टी के बाद बुधवार को अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए मोहनिया जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक को संभलने का कोई मौका

नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना मोहनिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोहनिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को भी जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। परिजनों के अनुसार, सुनील पासवान अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके ऊपर पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी थी। बताया जाता है कि दो दिन पूर्व, 20 अप्रैल को ही वे अपनी पत्नी रेणु देवी को द्विरागमन कराकर घर लाए थे। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है

