विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग, हजारीबाग में आज लाइंस क्लब हजारीबाग के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं बहनों के स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम की शुरुआत “सखी सेतु” की संस्थापक कृतिका शाह की पहल से हुई। यह पहल विद्यालयों में डिजिटल अंतर को कम करने तथा बालिकाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसी क्रम में लाइंस क्लब हजारीबाग के सहयोग से विद्यालय की बहनों के बीच सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया तथा उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य और मासिक धर्म संबंधी जागरूकता की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में लाइंस क्लब हजारीबाग के अध्यक्ष महेश खंडेलवाल ने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल पर्यावरण बचाने का संदेश नहीं देता, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वस्थ, स्वच्छ और जागरूक बनाने का भी अवसर प्रदान करता है। सचिव अनु अग्रवाल ने छात्राओं को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर लाइंस क्लब की पूर्व अध्यक्ष सुधा वर्मा, सेजल सिंह, सदस्या ,रूपा खंडेलवाल, पूर्व अध्यक्ष, अरविंद अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष ,मनोज श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने भैया- बहनों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक होते हैं। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न औषधीय एवं फलदार पौधों का रोपण भी किया गया।

